विKALP

आपकी सखी, आपकी सलाहकार – स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की ओर

परिवार नियोजन पर अक्सर पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब

सामान्य जानकारी

सवाल: शादी के कितने समय बाद बच्चा होना चाहिए?

जवाब: महिला की उम्र २० वर्ष पूरी होने के बाद ही पहले बच्चे की योजना बनाएँ।

सवाल: कम उम्र में गर्भधारण करने के क्या खतरे हैं?

जवाब: कम उम्र में गर्भधारण करने से माँ और बच्चा दोनों की सेहत को खतरा हो सकता है, जैसे माँ को खून की कमी व कमजोरी, कम वजन का बच्चा होना व, प्रसव के समय जटिलताएं हो सकती हैं।

सवाल: दो बच्चों के बीच कितना अंतर होना चाहिए?

जवाब: दो बच्चों के बीच में कम से कम 3 साल का अंतर होना चाहिए। इससे माँ की सेहत सुधरती है, पहले बच्चे का बेहतर पालन-पोषण होता है और आने वाला बच्चा भी स्वस्थ पैदा होता है।

सवाल: क्या सभी गर्भनिरोधक साधन सुरक्षित होते हैं?

जवाब: हाँ, सभी आधुनिक गर्भनिरोधक साधन अगर सही सलाह और तरीके से इस्तेमाल किये जाए तो सुरक्षित व अरसदार होते हैं।

सवाल: क्या अविवाहित महिलाएं गर्भनिरोधक साधन ले सकती हैं?

जवाब: हाँ, अविवाहित महिलाएं भी अपनी मर्जी व जरूरत अनुसार गर्भनिरोधक साधन ले सकती हैं।

सवाल: क्या गर्भनिरोधक लेने से बाँझपन हो सकता है?

जवाब: नहीं| परिवर्तीय गर्भनिरोधक साधन बंद करने के बाद महिला की प्रजनन क्षमता लौट आती है और वह दोबारा गर्भवती हो सकती है।

सवाल: क्या महिला अकेले आकर गर्भनिरोधक ले सकती है?

जवाब: हाँ, महिला अकेले आकर गर्भनिरोधक ले सकती है, यह उसका अधिकार है। उसे साधन लेने के लिए किसी की भी अनुमति की जरूरत नहीं है।

सवाल: सबसे आसान गर्भनिरोधक कौन सा है?

जवाब: सभी साधन सुरक्षित व इस्तेमाल में आसान हैं जैसे कंडोम, गोलियाँ, अंतरा, छाया व आईयूसीडी। जो आपको पसंद हो व सुविधा लगे, वो अपनाएँ।

अंतरा सुई

सवाल: अंतरा सुई क्या है?

जवाब: यह एक हॉर्मोन युक्त गर्भनिरोधक सुई है जो हर 3 महीने में लगायी जाती है और अनचाहे गर्भ से बचाती है।

सवाल: इसे कब लगवा सकते हैं?

जवाब: माहवारी के पहले 7 दिनों में, गर्भपात के 7 दिन में, डिलीवरी के 6 हफ्ते बाद, या जब यह निश्चित हो कि महिला गर्भवती नहीं है।

सवाल: क्या इससे माहवारी रुक जाती है?

जवाब: हाँ, कुछ महिलाओं में माहवारी कम या बंद हो सकती है – यह सामान्य है, जब सुई लेना बंद करते हैं तो माहवारी लौट आती है।

सवाल: क्या छोटे बच्चे की माँ इसे ले सकती है?

जवाब: हाँ, डिलीवरी के 6 सप्ताह बाद अंतरा लगवाया जा सकता है । इससे दूध पर असर नहीं होता।

सवाल: क्या नवविवाहित महिलाएं अंतरा ले सकती हैं?

जवाब: हाँ, अगर वे फिलहाल बच्चा नहीं चाहतीं, तो अंतरा एक अच्छा विकल्प है।

सवाल: क्या अंतरा से बच्चेदानी को नुकसान होता है?

जवाब: नहीं, अंतरा सुई लगवाने से बच्चेदानी को नुकसान नहीं होता| डॉक्टर की सलाह से सही समय पर लगवाने पर यह सुरक्षित है।

सवाल: अंतरा सुई लगने के बाद माहवारी ज्यादा क्यों आती है?

जवाब: अंतरा सुई से अधिकतर महिलाओं की माहवारी में बदलाव होते हैं जैसे कि सामान्य से अधिक दिन रक्तस्राव, दो माहवारी के बीच दाग लगना। शुरू-शुरू में ब्लीडिंग अधिक होना अंतरा सुई में मौजूद हॉर्मोन प्रोजेस्टीन के प्रभाव के कारण होता है परन्तु कुछ माह में खून जाना कम हो जाता है और माहवारी बंद भी हो सकती है| यदि खून लगातार, ज्यादा जा रहा हो तो स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।

सवाल: अंतरा सुई लगने के कितने दिनों बाद काम करने लगती है?

जवाब: अंतरा सुई लगने के बाद लगभग 5 से 7 दिनों में काम करने लगाती है परंतु सही समय पर शुरु करना बहुत जरूरी है|

सवाल: अंतरा सुई लगवाने के बाद माहवारी आनी क्यों बंद हो जाती है? क्या इससे कोई परेशानी हो सकती है?

जवाब: अंतरा सुई में हार्मोन प्रोजेस्टीन होता है। यह हार्मोन महिला के अंडाशय में अंडा बनने की प्रक्रिया को रोक देता है और गर्भाशय की आंतरिक परत को पतला कर देता है और इसके प्रभाव से माहवारी आनी बंद हो जाती है। माहवारी नहीं आना सामान्य है और इससे कोई परेशानी नहीं होती है बल्कि यह महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, क्योंकि इससे माहवारी में जाने वाले रक्त की बचत होती है और यह खून की कमी को कम करता है| सुई बंद करने के कुछ महीनों मे माहवारी वापस शुरू हो जाती है।

सवाल: अगर महिला बच्चे को दूध पिला रही है, तो क्या वह अंतरा सुई ले सकती है?

जवाब: हाँ| बच्चे की उम्र डेढ़ माह होने के बाद, जब यह सुनिश्चित हो की महिला गर्भवती नहीं है, महिला कभी भी अंतरा सुई लगवा सकती है| इससे माँ के दूध पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता है|

सवाल: अंतरा सुई कहां मिलेगी और इसकी कीमत कितनी है?

जवाब: अंतरा सुई सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर नि:शुल्क लगायी जाती है| पहली सुई हमेशा डॉक्टर की देख-रेख में ही लगवानी चाहिये| प्राइवेट क्लिनिक या अस्पतालों में इसका शुल्क देना होता है और वह अलग-अलग जगह भिन्न हो सकता है|

सवाल: क्या अंतरा सुई थाईराइड के मरीज़ को दी जा सकती है?

जवाब: हाँ| अंतरा सुई थाईराइड मरीज़ को दी जा सकती है|

सवाल: क्या अंतरा सुई, 6 डोज के बाद, लेना बंद करवा देना चाहिए?

जवाब: नहीं| जब तक महिला गर्भनिरोधन चाहती है, तब तक वह अंतरा सुई इस्तेमाल कर सकती है परंतु यदि उनके स्वास्थ्य में कोई बदलाव आता है या उन्हें कोई बीमारी हो जाती है तो अगली डोज़ लेने से पहले डॉक्टर से ज़रूर संपर्क करें|

छाया गोली

सवाल: छाया गोली क्या है?

जवाब: यह हॉर्मोन रहित गर्भनिरोधक गोली है जिसे महिला द्वारा लिया जाता है।

सवाल: इसे कैसे लेना चाहिए?

जवाब: छाया गोलियाँ, पहले 3 महीने में नियित किये गए हफ्ते में 2 दिन और चौथे महीने से नियित किये गए हफ्ते में 1 दिन लेनी होती हैं।

सवाल: अगर गोली लेना भूल जाएं तो क्या करें?

जवाब: जैसे ही याद आए, तुरंत 1 गोली लें और अपने सेवा प्रदाता से संपर्क करें|

सवाल: क्या छाया गोली के कोई साइड इफेक्ट हैं?

जवाब: छाया गोली के बहुत कम साइड इफेक्ट हैं – जैसे माहवारी में थोड़ा बदलाव पर यह नुकसान नहीं करता।

माला-एन गोली

सवाल: माला-एन क्या है?

जवाब: माला-एन हॉर्मोन युक्त रोज ली जाने वाली गर्भनिरोधक गोली है।

सवाल: इसे कब से शुरू कर सकते हैं?

जवाब: माहवारी के पहले दिन से या गर्भपात के 7 दिन के अंदर या डिलीवरी के बाद 6 महीने बाद शुरू कर सकते हैं।

सवाल: क्या इसे रोज़ लेना ज़रूरी है?

जवाब: हाँ, इन्हें हर रोज़ लेना ज़रूरी है, एक भी दिन न छोड़ें। एक पत्ता खत्म होते ही तुरंत अगला पत्ता शुरू करें।

सवाल: अगर गोली खाना भूल जाएं तो?

जवाब: जैसे ही याद आए, तुरंत 1 गोली लें और अपने सेवा प्रदाता से संपर्क करें|

सवाल: क्या इससे मोटापा या बच्चेदानी को नुकसान होता है?

जवाब: नहीं, इससे मोटापा या बच्चेदानी को नुकसान नहीं होता| कुछ महिलाओं का थोड़ा वजन बढ़ सकता है, लेकिन यह खतरनाक नहीं है।

सवाल: क्या माला-एन गोली थायराइड के मरीज़ को दी जा सकती है?

जवाब: हाँ| माला-एन गोली थायराइड के मरीज़ को दी जा सकती है|

आईयूसीडी

सवाल: आईयूसीडी क्या है?

जवाब: यह बच्चेदानी में लगाया जाने वाला एक छोटा यंत्र है जो 5–10 साल तक गर्भ ठहरने से बचाता है।

सवाल: क्या इसे कभी भी लगवा सकते हैं?

जवाब: हाँ, डिलीवरी के तुरंत बाद, गर्भपात के बाद या माहवारी के दौरान लगवा सकते हैं।

सवाल: क्या इससे संक्रमण या दर्द होता है?

जवाब: शुरू में हल्का दर्द या ज्यादा खून जा सकता है, लेकिन यह 2-3 महीने में ठीक हो जाता है। इससे संक्रमण नहीं होता है|

सवाल: क्या यह अपने आप निकल सकती है?

जवाब: अगर सही से लगा हो तो नहीं। अगर कोई असुविधा हो तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

सवाल: क्या इससे वजन या सफेद पानी बढ़ता है?

जवाब: नहीं, इसका वजन पर कोई असर नहीं होता और न ही यह सफेद पानी का कारण होती है परंतु सफेद पानी की वजह कुछ और सकती है और ऐसे में तुरंत सेवाप्रदाता से संपर्क करें।

कंडोम (निरोध)

सवाल: कंडोम क्या है?

जवाब: यह एक पतली रबर का खोल होता है जो पुरुष के उत्तेजित लिंग पर पहनते हैं। यह अनचाहे गर्भ और यौन संक्रमण से बचाव करता है।

सवाल: कंडोम का उपयोग कैसे करें?

जवाब: उत्तेजित लिंग पर पहनें, हर बार नया कंडोम लें, सही तरीके से पहनें और इस्तेमाल के बाद टिशू में लपेट कर कचरे में फेंकें।

सवाल: क्या कंडोम फेल या असफल हो सकता है?

जवाब: अगर सही तरीके से इस्तेमाल न किया जाए तो कंडोम फट सकता है। ऐसी स्थिति में 72 घंटे के भीतर आपातकालीन गोली लें।

सवाल: कंडोम के उपयोग से क्या संक्रमण से भी बचा जा सकता है?

जवाब: हाँ, कंडोम HIV/AIDS और अन्य यौन रोगों से भी बचाव करता है।

ईज़ी गोली (आपातकालीन गोली)

सवाल: ईज़ी गोली क्या है?

जवाब: यह एक आपातकालीन गर्भनिरोधक गोली है जो असुरक्षित संबंध के 72 घंटे के भीतर ली जाती है।

सवाल: क्या यह नियमित साधन है?

जवाब: नहीं, यह सिर्फ आपातकाल के लिए है – बार-बार नहीं लेनी चाहिए।

सवाल: क्या इसका गर्भपात से कोई संबंध है?

जवाब: नहीं, यह गर्भ ठहरने से रोकती है। यह पहले से ठहरे गर्भ पर असर नहीं करती।

सवाल: क्या इससे साइड इफेक्ट होते हैं?

जवाब: हल्का सिरदर्द, पेट दर्द या माहवारी में बदलाव हो सकता है।